गांधी जयंती पर एमबीडीएवी विद्यालय में विविध कार्यक्रम, स्वच्छता का दिया संदेश
By Team orangehindi

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन और आदर्शों को किया याद
लोहरदगा। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर एमबीडीएवी विद्यालय में गुरुवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एवं निर्देशन विद्यालय की प्राचार्या प्रेरणा शंखधर ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर कक्षा दसवीं की छात्रा श्रेया रानी ने अंग्रेजी भाषण के माध्यम से महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला। कक्षा दसवीं की छात्रा पूजा कुमारी ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा चौथी के छात्र-छात्राओं ने गांधीजी के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। देशभक्ति गीतों के माध्यम से भी गांधीजी के जीवन, संघर्ष और आदर्शों को प्रस्तुत किया गया।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, शांति और स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
प्राचार्या प्रेरणा शंखधर ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में अपनाकर विद्यार्थी देश के विकास में अपनी भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सीसीए इंचार्ज सितेश कुमार पाठक, आरती कुमारी, अपराजिता कुमारी, रीना, रितिका तिर्की एवं संगीत शिक्षक श्रवण कुमार पाठक का योगदान रहा। मीता बासु ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।