Orange hindi lohardaga live

17 फरवरी को मैंना बगीचा लोहरदगा में भव्य रूप से मनाई जाएगी वीर बुधु भगत की जयंती

By Team Lohardaga live

social
कार्यक्रम के आयोजन को लेकर बैठक करते पदाधिकारी

तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक, सांसद सुखदेव भगत ने लिया जायजा

लोहरदगा। लरका आंदोलन के प्रणेता अमर शहीद वीर बुधु भगत की जयंती प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य रूप से मनाई जाएगी। इसे लेकर नव युवक सरना समिति नदिया एवं आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मैंना बगीचा से जुड़ी तैयारियों को लेकर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुधीर टोप्पो ने की।

बैठक में लोहरदगा सांसद एवं आयोजन समिति के संरक्षण सुखदेव भगत शामिल हुए। उन्होंने आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वीर बुधु भगत की जयंती 17 फरवरी को मैंना बगीचा लोहरदगा में भव्य रूप से मनाई जाएगी।

जयंती के अवसर पर जतरा सह विकास मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में झारखंड के प्रभारी, मंत्री, सांसद, विधायक, प्रशासनिक पदाधिकारी, गणमान्य अतिथि, पाहन-पूजार समाज के अगुवा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ खोड़हा दल भाग लेंगे। आयोजन समिति की ओर से खोड़हा दलों को झंडा देकर सम्मानित किया जाएगा, वहीं पाहन-पूजारों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

विकास मेला के दौरान जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से जिले में हो रहे विकास कार्यों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा।

बताया गया कि वर्ष 2006 में तत्कालीन विधायक सुखदेव भगत के प्रयास से मैंना बगीचा में वीर बुधु भगत की प्रतिमा की स्थापना कराई गई थी। तब से लगातार उनके नेतृत्व में जतरा सह विकास मेला का आयोजन किया जाता रहा है।

बैठक के अंत में आयोजन समिति के सदस्यों ने वीर योद्धा अमर शहीद वीर बुधु भगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जयंती समारोह में हजारों की संख्या में लोगों से शामिल होने की अपील की।

बैठक में अभिनव सिद्धार्थ, मनोज सोन तिर्की, मनोज भगत, सुरेंद्र लोहारा, विनोद उरांव, अनिल उरांव, सुनील उरांव, संदीप उरांव, गौरव कुजूर, विनय उरांव, फागू भगत, आलोक कुमार साहू, साजिद अहमद, चंगू सहित अनेक सदस्य उपस्थित थे।