नदिया हिंदू प्लस टू हाई स्कूल परिसर में चला वाहन जांच अभियान
By Team Lohardaga live

लोहरदगा जिला उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू की उपस्थिति में नदिया हिंदू प्लस टू हाई स्कूल परिसर में वाहन जांच सह सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूल आने-जाने वाले छात्र–छात्राओं के वाहनों की जांच की गई।
जांच के क्रम में 18 वर्ष से कम उम्र के ऐसे छात्र–छात्राएं, जो बिना हेलमेट के बाइक से स्कूल आते पाए गए, उन्हें सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है और बिना हेलमेट वाहन चलाना गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों को भी निर्देशित किया गया कि वे विद्यार्थियों पर कड़ी निगरानी रखें और नियमित रूप से उन्हें यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
अभियान में सड़क सुरक्षा कोषांग, लोहरदगा की टीम भी शामिल रही। टीम द्वारा छात्र–छात्राओं को हेलमेट के महत्व, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें और स्वयं भी जिम्मेदार नागरिक बनें।
