कैरो में मां के जयकारों से गूंजा गांव, कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू
By Team orangehindi

नंदनी नदी, नंदनी डैम और गजनी नदी से जल लेकर श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना, दशमी को होगा रावण दहन
कैरो। प्रखंड मुख्यालय सहित नगजुवा, गजनी और हनहट पंचायत में रविवार को कलश यात्रा के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के तत्वावधान में निकली कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
प्रखंड मुख्यालय की मां अम्बे दुर्गा पूजा समिति के श्रद्धालुओं ने नंदनी नदी, नगजुवा दुर्गा पूजा समिति के श्रद्धालुओं ने नंदनी डैम और गजनी दुर्गा पूजा समिति के श्रद्धालुओं ने गजनी नदी से विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा। इसके बाद श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए गांव के देवी मंडप से पूजा पंडाल पहुंचे, जहां पुरोहितों के निर्देशन में विधि-विधान से कलश स्थापना की गई।
कलश स्थापना के साथ ही क्षेत्र में नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र के धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। नवरात्र के दौरान विभिन्न पूजा समितियों की ओर से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दशमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ कैरो और गजनी में आकर्षक विद्युत सज्जा के बीच रावण दहन कार्यक्रम भी होगा।
आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कैरो थाना प्रभारी रविरंजन कुमार पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। मौके पर पूजा समितियों के शैलेश कुमार, अंकित कुमार, कुलदीप साहू, विवेक प्रजापति, राहुल साय सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।