चोरी की जांच में पहुंची कैरो पुलिस टीम से ग्रामीणों की झड़प, थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों पर अभद्रता का आरोप
By Team orangehindi
दुकानदार के कथित आरोप से बिगड़ा माहौल, ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल; 26 नामजद समेत 35-40 अज्ञात पर प्राथमिकी
कैरो/लोहरदगा। कैरो थाना क्षेत्र के नरौली पंचायत अंतर्गत नगजुवा मिडिल स्कूल के समीप सोमवार की रात चोरी की घटना की जांच करने पहुंची पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला झड़प और मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी समेत पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ के तरीके पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नगजुवा मिडिल स्कूल के समीप किराना दुकान संचालक इरफान अंसारी ने शनिवार रात दुकान में चोरी की लिखित शिकायत कैरो थाना में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कासिद अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने कथित तौर पर दुकान से नशीले पदार्थ की चोरी करने की बात कही। इसी जानकारी की सत्यता की जांच के लिए सोमवार रात करीब आठ बजे थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ दुकानदार को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस टीम के पहुंचने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान दुकानदार द्वारा ग्रामीणों के बीच कथित तौर पर थाना में अपने साथ मारपीट और गाली-गलौज किए जाने की बात कहे जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस का आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार किया।
घटना की जानकारी मिलने पर लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सोमवार रात चरिमा गांव पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। मंगलवार को ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस कार्रवाई तथा दुकानदार द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस की कार्रवाई की भी समीक्षा होनी चाहिए।
इधर, थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी के बयान पर कैरो थाना कांड संख्या 43/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में 26 लोगों को नामजद करते हुए 35 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फिलहाल पुलिस और ग्रामीण दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। दुकानदार के साथ थाने में कथित दुर्व्यवहार के आरोप और पुलिस टीम के साथ हुई झड़प की वास्तविक परिस्थितियां जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।