जनसमस्याओं को लेकर सांसद सुखदेव भगत के आवास पहुंचे ग्रामीण, त्वरित समाधान का मिला भरोसा
By Team Lohardaga live

सड़क, बिजली, पेयजल और इलाज की समस्याओं पर सांसद ने अधिकारियों को दिए निर्देश
लोहरदगा: लोकसभा सासंद Sukhdeo Bhagat ने बुधवार को अपने लोहरदगा स्थित आवास पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और अन्य जनसमस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सांसद ने एक-एक कर सभी लोगों से मुलाकात की और समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिया।
ग्रामीणों ने रखीं विभिन्न समस्याएं
करचा टोली के ग्रामीणों ने लोहरदगा रेलवे क्वार्टर के पीछे आम लोगों के आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं भंडरा, आकाशी, खारूमाटू और गुड्डीबागी के ग्रामीणों ने जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग उठाई। मनहो-बाघा पथ के ग्रामीणों ने रास्ता नहीं होने के बावजूद पुल निर्माण कर सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया और मामले की जांच की मांग की। इसके अलावा कई असाध्य रोग से पीड़ित मरीजों ने भी सांसद से मिलकर सहायता की गुहार लगाई।
बिजली-पानी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सांसद
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली और पानी लोगों की सबसे बड़ी जरूरत है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जले हुए ट्रांसफार्मर जल्द बदलने और खराब चापाकलों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। सांसद ने कहा कि जरूरत पड़ने पर सांसद निधि से जलमीनार भी लगवाया जाएगा।
पुल निर्माण मामले की होगी जांच
मनहो-बाघा पथ में रास्ता नहीं होने के बावजूद पुल निर्माण कराए जाने के मामले को गंभीर बताते हुए सांसद ने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी। यदि सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
असाध्य रोगियों को दिलाई जाएगी मदद
सांसद ने कहा कि अब तक दर्जनों असाध्य रोग से पीड़ित मरीजों को प्रधानमंत्री राहत कोष से सहायता राशि दिलाई गई है। उन्होंने कहा कि गरीबों का इलाज हो जाना सबसे बड़ी मानव सेवा है और जरूरतमंदों की हर संभव मदद की जाएगी।
‘जनता की सेवा ही मेरी प्राथमिकता’
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल संसद तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों का दुख-दर्द सुनना और उसका समाधान करना है। उन्होंने कहा, “चुनाव के समय ही नहीं, हर समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता है।” सांसद ने उपस्थित ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
