युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने विशाल डुंगडुंग
By Team Lohardaga live

अनुसूचित जनजाति वर्ग से झारखंड में सर्वाधिक मत प्राप्त कर दर्ज की जीत
लोहरदगा। लोहरदगा युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विशाल डुंगडुंग ने युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश महासचिव पद पर विजय हासिल की है। उन्होंने संपूर्ण झारखंड से कुल 7170 (सात हजार एक सौ सत्तर) मत प्राप्त कर यह सफलता अर्जित की।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रदेश युवा कांग्रेस का सदस्यता अभियान सह सांगठनिक चुनाव संपन्न हुआ था। इस चुनाव में प्रदेश महासचिव पद के लिए राज्यभर से कुल 80 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें विशाल डुंगडुंग को सबसे अधिक समर्थन प्राप्त हुआ। वे अनुसूचित जनजाति वर्ग से संपूर्ण झारखंड में सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले उम्मीदवार रहे।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित प्रदेश महासचिव विशाल डुंगडुंग ने पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल सहित युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस संगठन के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह जीत संगठन की सामूहिक मेहनत का परिणाम है और वे आगे भी युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाते रहेंगे।
