Orange hindi lohardaga live

धर्म रक्षा कोष संग्रह को लेकर विश्व हिंदू परिषद लोहरदगा की टोली बैठक संपन्न

By Team Lohardaga live

General
धर्म रक्षा कोष संग्रह अभियान के दौरान उपस्थित बीएचपी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता

लोहरदगा। विश्व हिंदू परिषद द्वारा धर्म रक्षा कोष संग्रह अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण टोली बैठक शुक्रवार को जिले के अध्यक्ष रितेश कुमार के आवास पर आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य वर्ष में एक बार होने वाले धर्म रक्षा निधि संग्रह के माध्यम से आगामी सनातनी आयोजनों को भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न करने की तैयारी करना था।

बैठक में सनातन समाज और हिंदू धर्म के संवर्धन एवं संरक्षण को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिला संगठन मंत्री कार्तिक विश्वकर्मा ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में होने वाले विभिन्न धार्मिक आयोजनों को सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु समय रहते तैयारी आवश्यक है।

प्रांतीय कार्यालय के दिशा-निर्देशानुसार जिला अध्यक्ष रितेश साहू ने धर्म रक्षा निधि संग्रह अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं और टोली सदस्यों को मिलकर प्रत्येक सनातन परिवार एवं प्रतिष्ठान से संपर्क करना होगा ताकि निधि संग्रह सुचारू रूप से हो सके और सभी निर्धारित कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हों।

जिला मंत्री रंजीत कुमार साहू ने बताया कि नगर क्षेत्र के साथ-साथ सभी प्रखंडों के दायित्ववान कार्यकर्ताओं को शामिल कर धर्म रक्षा निधि के महत्व को समझाते हुए अधिक से अधिक कोष संग्रह किया जाएगा। इस क्रम में आज बैठक के दौरान ही धर्म रक्षा निधि अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया और पहले ही दिन 25,000 रुपये का संग्रह किया गया।

बैठक में अध्यक्ष रितेश साहू, जिला मंत्री रंजीत कुमार साहू, जिला संगठन मंत्री कार्तिक विश्वकर्मा, बजरंग दल जिला संयोजक पवन प्रजापति, जिला सुरक्षा प्रमुख प्रद्युम्न पाठक, बजरंग दल सदस्य जितन लोहरा, अमर साहू, आशुतोष पाठक, हिमांशु केशरी, अंकित कुमार, रामकुमार सिंह, संतोष कुमार सहाय और संदीप कुमार साहू सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह बैठक आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की सफलता और संगठन की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।