Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में लोहिया की पुण्यतिथि पर चौकीदारों के हक की उठी आवाज

By Team orangehindi

General
लोहरदगा में लोहिया की पुण्यतिथि पर चौकीदारों के हक की उठी आवाज

चार सूत्री प्रस्ताव पारित, एमएसीपी, अनुकंपा नियुक्ति और बकाया भत्तों के भुगतान की मांग

लोहरदगा। ब्लॉक मोड़ स्थित सहकारिता भवन के समीप सोमवार को झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत की जिला शाखा ने समाजवादी विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि मनाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष समसुल अंसारी ने की। मौके पर संगठन के राज्य अध्यक्ष कृष्णा दयाल सिंह, जिला सचिव मिथिलेश यादव और कोषाध्यक्ष राजकुमार समेत अन्य चौकीदार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने डॉ. लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके विचारों और समाज के वंचित वर्गों के हित में किए गए कार्यों को याद किया गया। इसके बाद चौकीदारों की लंबित समस्याओं और अधिकारों को लेकर चर्चा हुई।

राज्य अध्यक्ष कृष्णा दयाल सिंह ने चौकीदारों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से चार सूत्री प्रस्ताव पारित किया गया।

प्रस्ताव में अब तक एमएसीपी का लाभ नहीं पाने वाले चौकीदारों को इसका लाभ देने, अंचल कार्यालयों में साप्ताहिक उपस्थिति दर्ज करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान का आदेश जारी करने की मांग की गई। इसके अलावा सेवाकाल के दौरान मृत दफादारों और चौकीदारों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने तथा बकाया सहित वर्दी भत्ते का भुगतान करने की मांग भी शामिल रही।

कार्यक्रम के बाद संगठन की ओर से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। संगठन ने कहा कि लंबित मामलों का निष्पादन होने से चौकीदारों और उनके आश्रितों को राहत मिल सकेगी।

और पढ़ें