चार माह से मजदूरी लंबित, नगर परिषद के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने सांसद से लगाई गुहार
By Team orangehindi

सुखदेव भगत ने कंपनी प्रबंधन से फोन पर की बात, कहा—मजदूरों का भुगतान जल्द करें; नगर परिषद के पदाधिकारी को भी कार्रवाई का निर्देश
लोहरदगा। लोहरदगा नगर परिषद में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत दर्जनों मजदूरों ने चार माह से मजदूरी का भुगतान लंबित रहने की शिकायत लेकर गुरुवार को सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात की। मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश सिंह के नेतृत्व में मजदूर सांसद के आवास पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
मजदूरों ने बताया कि श्याम एसडब्ल्यूएम प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से उनसे नगर परिषद क्षेत्र में काम लिया जा रहा है। कंपनी की ओर से पिछले चार माह से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों के अनुसार लगातार भुगतान लंबित रहने से परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई तथा इलाज जैसी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी हो रही है। करमा पर्व बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर मजदूरों ने जल्द मजदूरी दिलाने की मांग सांसद से की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद सुखदेव भगत ने कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव शर्मा से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि मजदूरों का भुगतान चार माह से लंबित है और इससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन से मजदूरों का लंबित भुगतान शीघ्र करने को कहा।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने सांसद को बताया कि नगर परिषद की ओर से कार्यों से संबंधित बिल समय पर विभाग को नहीं भेजे जाने के कारण कंपनी को भुगतान प्राप्त नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं दी जा सकी है।
इस पर सांसद ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से भी मामले में तत्काल कार्रवाई कर मजदूरों का भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी। सांसद ने बताया कि दिल्ली से लौटने के बाद वे आउटसोर्सिंग कंपनी और नगर परिषद के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास करेंगे, ताकि भविष्य में मजदूरों का भुगतान लंबे समय तक लंबित न रहे।