Orange hindi lohardaga live

26 वर्षों से सड़क का इंतजार, चांपी-धौरा-जौरा-असनापानी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जन जागरण अभियान शुरू

By Team orange hindi

General

ग्रामीणों ने कहा- सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय का करेंगे घेराव, आंदोलन में साइकिल से भी पहुंचने का लिया संकल्प

लोहरदगा। कुडू प्रखंड के चांपी से धौरा, धौरा से जौरा तथा धौरा से असनापानी तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर सामाजिक विचार मंच और ग्रामीणों ने जन जागरण अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को मंच के प्रतिनिधियों ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की और वर्षों से लंबित सड़क निर्माण के मुद्दे को लेकर लोगों को एकजुट किया।

अभियान के दौरान सामाजिक विचार मंच के संयोजक विनोद कुमार सिंह, संयोजक जतुरा मुंडा, एम. ठाकुर, मनोज साहू, मिथिलेश सिंह सहित अन्य लोगों ने सलगी, चांपी और धौरा पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर अपनी परेशानियां साझा कीं।

ग्रामीणों के अनुसार चांपी से धौरा तक लगभग छह किलोमीटर सड़क का निर्माण पिछले 26 वर्षों से लंबित है। लंबे समय से सड़क निर्माण नहीं होने के कारण मार्ग की स्थिति काफी खराब हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की बदहाली का सीधा असर आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और रोजमर्रा की गतिविधियों पर पड़ रहा है।

जन जागरण अभियान के दौरान मंच के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से कहा कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा। यदि जल्द सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो जिला मुख्यालय का घेराव करने सहित व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन देने की बात कही। ग्रामीणों का कहना था कि वे पिछले 26 वर्षों से सड़क बनने का इंतजार कर रहे हैं। अब आश्वासन के बजाय सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल की जरूरत है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि आंदोलन के लिए उन्हें साइकिल से भी जिला मुख्यालय जाना पड़े तो वे पीछे नहीं हटेंगे।

अखबारों में प्रकाशित खबरों की प्रतियां बांटकर किया जागरूक

जन जागरण अभियान के दौरान ग्रामीणों ने अपने स्तर से खर्च कर विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित सड़क से संबंधित खबरों की प्रतियां भी गांवों में वितरित कीं। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की समस्या को लगातार सामने लाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

सामाजिक विचार मंच के सदस्यों ने कहा कि सड़क किसी एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों की बुनियादी जरूरत है। इसलिए ग्रामीणों को एकजुट कर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सड़क निर्माण की मांग को संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाया जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि चांपी-धौरा, धौरा-जौरा और धौरा-असनापानी मार्ग की वास्तविक स्थिति का स्थल निरीक्षण कर जल्द सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

और पढ़ें