Orange hindi lohardaga live

महावीर चौक से मिली भटकती गर्भवती महिला परिजनों से मिलाई गई

By Team Lohardaga live

social
महिला थाना परिसर में थाना प्रभारी के साथ महिला

लोहरदगा महिला थाना की तत्परता से सुरक्षित घर पहुंची महिला

लोहरदगा। जिले के शहरी क्षेत्र स्थित महावीर चौक से मिली एक भटकती हुई गर्भवती महिला को महिला थाना लोहरदगा की पहल पर सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की पहचान लातेहार जिला के दोबा गांव निवासी आनंद भेंगरा की 30 वर्षीय पत्नी अंजली टोपनो के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद अंजली टोपनो घर छोड़कर निकल गई थी और भटकते हुए लोहरदगा के महावीर चौक पहुंच गई। महिला को अकेला और असहाय अवस्था में देखकर स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं।

महिला थाना पुलिस ने गर्भवती महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक देखरेख के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा। इसके साथ ही महिला के परिजनों की तलाश शुरू की गई।

परिजनों की खोजबीन में महिला थाना के कई पुलिस कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अभियान में महिला थाना प्रभारी बिनीता हेंब्रम के अलावा सहायक पुलिस कर्मी संदीप राम, महिला आरक्षी शिला कुमारी, महिला आरक्षी सुशांति कुमारी तथा महिला हवलदार राधा टुडू शामिल रहीं।

पुलिस टीम ने महिला को सुरक्षित उसके पैतृक गांव दोबा (लातेहार) पहुंचाकर परिजनों के सुपुर्द किया और फिर वापस लौटी। महिला थाना की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।