डीएमओ कार्यालय की कार्रवाई के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
By Team orange hindi

ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, खनिज परिवहन के लिए समय सीमा को व्यावहारिक बनाने की मांग
लोहरदगा। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने खनिज परिवहन के दौरान निर्धारित समय सीमा और वाहनों पर की जा रही कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई है। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और नियमों को व्यावहारिक बनाने की मांग की।
एसोसिएशन का आरोप है कि पूर्व में समय सीमा पार होने के नाम पर दो बॉक्साइट ट्रकों को जब्त कर करीब ढाई-ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। एसोसिएशन के अनुसार 19 अगस्त को भी कुजाम बॉक्साइट माइंस से रात करीब 8:30 बजे चालान मिलने के बाद निकले एक ट्रक को सुबह 4:45 बजे सेन्हा में माइनिंग इंस्पेक्टर ने रोक लिया और जुर्माने की बात कही गई।
एसोसिएशन ने कहा कि पहाड़ी और ग्रामीण मार्गों पर यातायात, हाट-बाजार, वन जांच नाके, रेलवे फाटक, नो-एंट्री, सड़क जाम, मौसम, वाहन खराब होने सहित कई परिस्थितियों के कारण निर्धारित समय में माल पहुंचाना हमेशा संभव नहीं होता। वहीं कई अनलोडिंग केंद्र रात 9 बजे के बाद बंद हो जाते हैं और मजदूर भी उपलब्ध नहीं रहते।
ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अनुसार कम समय में दूरी पूरी करने का दबाव सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा सकता है। एसोसिएशन ने प्रशासन से समय निर्धारण में जमीनी परिस्थितियों को ध्यान में रखने और जब्त वाहनों के मामले में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने कहा कि बॉक्साइट परिवहन का कारोबार फिलहाल मंदी के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में भारी जुर्माने से ट्रक मालिकों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो करीब 1500 ट्रकों को बंद कर आंदोलन शुरू करने पर विचार किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष रहमत अंसारी, सचिव मुद्रिका यादव, कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, सहसचिव इम्तियाज अहमद बबलू, मोहम्मद राजू, मोहम्मद अमानुल्लाह, मीडिया प्रभारी राजेश शर्मा, प्रदीप कुमार, नीरज कुमार, मोहम्मद कैफ, शंकर राय और यूनुस अंसारी सहित अन्य लोग शामिल थे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, झारखंड और एसोसिएशन के संरक्षक धीरज प्रसाद साहू को भी भेजी गई है।