Orange hindi lohardaga live

राज्यस्तरीय वाटरशेड महोत्सव में जलसंरक्षण की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन

By Team Lohardaga live

political
कार्यक्रम का ऑनलाइन उद्घाटन करती मंत्री

कुडू प्रखंड के कोलसिमरी पंचायत में हुआ भव्य आयोजन

लोहरदगा। कुडू प्रखंड के कोलसिमरी पंचायत स्थित उमरी फुटबॉल मैदान में गुरुवार को राज्यस्तरीय वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जलछाजन मिशन और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत राज्य में लगभग 40 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि पर कृषि कार्य संभव हुआ है। भूजल स्तर में 4 से 10 फीट तक सुधार दर्ज किया गया है, जिससे किसानों के लिए वर्ष में तीन फसल लेना संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में बारिश पर निर्भरता कम होने से कृषि क्षेत्र में स्थिरता आई है।

मंत्री ने बताया कि जल, जंगल और जमीन की तरह यहां के परिश्रमी लोग झारखंड की असली पहचान हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, उद्योग और पर्यटन सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में केवल 20 प्रतिशत कृषि भूमि पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है। जलछाजन मिशन के माध्यम से मिट्टी और पानी का संरक्षण होगा तथा आने वाले वर्षों में सिंचाई का दायरा और बढ़ेगा।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने राजस्व का 4 प्रतिशत पंचायतों और नगर परिषदों के विकास पर खर्च करेगी। राज्य वित्त आयोग के माध्यम से भी पंचायतों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

अबुआ आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब तक 1.25 लाख आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। 21 नवंबर से पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

जलछाजन मिशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी मृत्युंजय बर्णवाल ने लोगों से योजना में अधिकाधिक भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में पानी की समस्या को देखते हुए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है और इसके प्रति व्यापक जागरूकता की जरूरत है।

जिला उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि जलछाजन प्रबंधन से किसानों की उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीण विकास और कृषि विभाग द्वारा लघु एवं टपक सिंचाई योजनाओं के जरिए किसानों को तकनीकी सहायता प्रदान की जा रही है।

कार्यक्रम में जलछाजन तकनीकी मार्गदर्शिका, कॉफी टेबल बुक और एक नए पोर्टल का विमोचन भी मंत्री द्वारा किया गया।

जलछाजन कार्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए चार किसानों फलिन्दर साहू, सरोज देवी, शीला उरांव और पंचानंद शाह—को सम्मानित किया गया। साथ ही जामताड़ा, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, हजारीबाग और रांची जिलों को बेहतर जनभागीदारी के लिए पुरस्कृत किया गया।

मंत्री ने उमरी ग्राम में निर्मित अमृत सरोवर का लोकार्पण किया और सेल्फी प्वाइंट पर जाकर तस्वीर भी ली।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीपीओ वेदांत शंकर सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।