कैरो थाना क्षेत्र में हथियार व लूट कांड का खुलासा तीन नाबालिग देशी कट्टा, स्कूटी और लूट के सामान के साथ निरुद्ध
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। कैरो थाना क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा हथियार के बल पर लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को हथियार, स्कूटी और लूट के सामान के साथ निरुद्ध किया गया है।
एसपी ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को सूचना मिली थी कि थाना कैरो क्षेत्र के ख्वास अम्बवा मैदान में कुछ नाबालिग हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी की, जहां से दो नाबालिगों को मौके पर निरुद्ध किया गया।
तलाशी के दौरान नाबालिगों के पास से 12 बोर का एक देशी कट्टा, जिसमें लकड़ी का बट लगा हुआ था, लाल रंग की TVS एनटॉर्क स्कूटी और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। बरामद हथियार और वाहन के संबंध में जब वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की।
पूछताछ में नाबालिगों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व अपने एक अन्य नाबालिग साथी के साथ मिलकर नंदनी डैम से पिकनिक मनाकर लौट रहे युवकों को हथियार दिखाकर लूटपाट की थी। इस घटना में एक डीएसएलआर कैमरा, मोबाइल फोन और नकदी की लूट की गई थी, जिसको लेकर कैरो थाना में पहले से मामला दर्ज है।
नाबालिगों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने भंडरा से तीसरे नाबालिग को भी निरुद्ध किया, जिसके पास से लूटा गया डीएसएलआर कैमरा बरामद कर लिया गया। इसके साथ ही लूट और हथियार से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो गया।
एसपी ने बताया कि बरामद देशी कट्टा के संबंध में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कैरो थाना कांड संख्या 75/25 दर्ज किया गया है। तीनों नाबालिगों की उम्र लगभग 17 वर्ष है। उन्हें किशोर न्याय अधिनियम के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर रिमांड होम भेज दिया गया है।
