जब पार्लियामेंट चुप होती है, तब सड़कें बोलने लगती हैं : सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार को घेरा, बोले- यह टकराव नहीं, सरकार के लिए आत्ममंथन का समय
नई दिल्ली/लोहरदगा। लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह करोड़ों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा, "जब पार्लियामेंट चुप होती है, तब सड़कें बोलने लगती हैं।"
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने देश के युवाओं और अभ्यर्थियों के भविष्य को अनिश्चितता में डाल दिया है। ऐसे गंभीर विषय पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लंबे समय से परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुधार की मांग करती रही है। राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठाते रहे हैं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद कर रहे हैं।
सांसद ने कहा कि जब सरकार विपक्ष की बात सुनने को तैयार नहीं होती, तब लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन करना आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का प्रदर्शन किसी टकराव की राजनीति नहीं, बल्कि सरकार के लिए आत्ममंथन का संदेश है।
सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बंद किया जाए।
