सर्दी का कहर: कई जिलों में तापमान लुढ़का, मैकलुस्कीगंज सबसे ठंडा
By Team Lohardaga live

ऑरेंज हिंदी डेस्क
राज्य में सर्दी ने अपना तेवर अचानक बदल दिया है। शनिवार को मैकलुस्कीगंज में पारा गिरकर 6 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान माना जा रहा है। कई जिलों में तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है, जिससे ठंड का प्रभाव और अधिक बढ़ गया है।
विशेषज्ञों की अपील बच्चे और बुजुर्ग रहें सतर्क
तेजी से गिरते तापमान को देखते हुए मौसम विशेषज्ञों ने खासकर बच्चों व बुजुर्गों को बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। हवा की तेज रफ्तार के कारण ठंड का अहसास और तेज होने की संभावना जताई गई है।
कई जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, बोकारो, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है।
रांची में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया, जो रविवार तक घटकर 9 डिग्री होने की संभावना व्यक्त की गई है।
