सोते समय जहरीले सांप ने महिला को डसा, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले के किसको थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसिया गांव में जहरीले सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
मृतका की पहचान पूनम उराइन (32 वर्ष), पति कजरू उरांव, निवासी ग्राम तिसिया, थाना किसको के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे पूनम उराइन घर में सो रही थीं। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया।
कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, लोहरदगा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। वहीं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बरसात के मौसम में लोगों से सतर्क रहने तथा सांप काटने की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
