भंडरा-सेन्हा बॉर्डर पर फिर मिला महिला का शव, हाथी के हमले से मौत की आशंका
By Team Lohardaga live

महुआ डोरी चुनने गई महिला शाम तक नहीं लौटी, सीठा पहाड़ के पास मिला शव
लोहरदगा: भंडरा-सेन्हा सीमा क्षेत्र में मंगलवार को एक बार फिर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सीठा पहाड़ के समीप बरामद शव की पहचान बरही केरा टोली निवासी धीरन उरांव (पति- नंदू उरांव) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से हजारों लोग मौके पर पहुंच गए। लगातार हो रही हाथी हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
सुबह महुआ डोरी चुनने गई थी महिला
परिजनों के अनुसार धीरन उरांव मंगलवार सुबह महुआ डोरी चुनने के लिए सीठा पहाड़ की ओर गई थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने खोजबीन शुरू की। शाम के समय सीठा पहाड़ के पास जंगल क्षेत्र में उसका शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पूरे इलाके में तेजी से फैल गई।
शरीर पर चोट के निशान, हाथी के कुचलने की आशंका
घटनास्थल की स्थिति और शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशानों को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर हाथी के हमले से मौत की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से सीठा पहाड़ और आसपास के जंगलों में जंगली हाथियों का लगातार मूवमेंट देखा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हाथी ने महिला को पटककर कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सोमवार को भी हुई थी महिला की मौत
ग्रामीणों ने बताया कि इसी हाथी ने सोमवार को भंडरा थाना क्षेत्र के बेदाल टंगरा टोली में भी एक महिला को कुचलकर मार डाला था। लगातार दो दिनों में हुई घटनाओं से भंडरा-सेन्हा सीमा क्षेत्र के लोगों में दहशत बढ़ गई है। लोग अब जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में जाने से डरने लगे हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वन विभाग की टीम को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस और वन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
