Orange hindi lohardaga live

कोयल नदी में पत्थरों के बीच फंसा मिला महिला का शव

By Team orange hindi

incident
कोयल नदी में पत्थरों के बीच फंसा मिला महिला का शव

गुरुवार से लापता थी महिला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के बाघा और हिरही स्कूल जोबला टोली के बीच बहने वाली कोयल नदी से शनिवार को एक महिला का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान चान्हो थाना क्षेत्र के बदरी ताला निवासी सुको उरांव (पति दिनेश उरांव) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने नदी में महिला का शव बहते हुए देखा था। शनिवार सुबह ड्रोन कैमरे से नदी में खोजबीन की गई, तो शव पत्थरों के बीच फंसा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर सदर थाना के एएसआई कुलदीप राज टोप्पो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चौकीदार समसुल अंसारी और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।

बताया गया कि महिला गुरुवार को कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर गई थी, जिसके बाद से वह लापता थी। परिजनों ने उसके लापता होने की शिकायत भी थाने में दर्ज कराई थी। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा। सदर थाना की एएसआई अल्बीना लकड़ा की मौजूदगी में शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस के अनुसार महिला की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

और पढ़ें