Orange hindi lohardaga live

चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर भड़के मजदूर, त्योहार से पहले भुगतान की मांग

By Team orangehindi

General
चार महीने से वेतन नहीं मिलने पर भड़के मजदूर, त्योहार से पहले भुगतान की मांग

भुगतान नहीं हुआ तो शहर की जलापूर्ति बंद करने की चेतावनी

लोहरदगा। शहरी जलापूर्ति योजना में कार्यरत मजदूरों ने शनिवार को एचडी कार्यालय में संवेदक संदीप कुमार के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। मजदूरों ने पिछले चार महीने से बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं हो पा रही है।

मजदूरों ने कहा कि त्योहार के समय भी वेतन नहीं मिलने से उनकी आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। समय पर भुगतान नहीं होने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने संवेदक से बकाया राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि त्योहार से पहले वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो पूरे शहर की जलापूर्ति बंद कर दी जाएगी।

वहीं, संवेदक संदीप कुमार ने कहा कि लोहरदगा नगर परिषद के पास जलापूर्ति एवं अन्य कार्यों का करीब 80 लाख रुपये बकाया है। नगर परिषद से राशि का भुगतान नहीं होने के कारण फिलहाल मजदूरों के वेतन का भुगतान करना संभव नहीं हो पा रहा है।

बकाया वेतन को लेकर मजदूरों के प्रदर्शन से शहरी जलापूर्ति व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

और पढ़ें