लोहरदगा में धूमधाम से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
By Team orange hindi


लोहरदगा। जिला प्रशासन की ओर से विश्व आदिवासी दिवस के गरिमामयी अवसर पर न्यू नगर भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव शामिल हुए। उनके साथ लोहरदगा के उपायुक्त (डीसी) संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सादिक अनवर रिजवी सहित जिला प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आदिवासी संस्कृति का संरक्षण करना और आदिवासी समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना था। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक आदिवासी नृत्यों ने हॉल में मौजूद सभी दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अतिथियों ने उनका हौसला बढ़ाया। मौके पर जिले के उपायुक्त संदीप कुमार मीना और एसपी सादिक अनवर रिजवी ने समस्त जिले वासियों को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन हर साल इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करता है, ताकि आदिवासियों की समृद्ध संस्कृति और अनूठी जीवन पद्धति को सहेजा जा सके। इसके साथ ही, इन मंचों के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है, जिससे आदिवासी समाज का बेहतर विकास हो सके और वे समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ सकें।