यूथ सेंटर ने सीटीसी येलो को 5 विकेट से, डायमंड बी ने गावस्कर एकादश को 141 रनों से हराया
By Team Lohardaga live

बैजनाथ प्रसाद अग्रवाल मेमोरियल बी डिवीजन क्रिकेट लीग में खेले गए दो रोमांचक मुकाबले
लोहरदगा। जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बैजनाथ प्रसाद अग्रवाल मेमोरियल बी डिवीजन क्रिकेट लीग के तहत सोमवार को बलदेव साहू महाविद्यालय क्रिकेट स्टेडियम में दो मुकाबले खेले गए। दिन के पहले मैच में यूथ सेंटर ने सीटीसी येलो को 5 विकेट से पराजित किया, जबकि दूसरे मैच में डायमंड बी की टीम ने गावस्कर एकादश को एकतरफा मुकाबले में 141 रनों से मात दी।
पहले मैच में टॉस जीतकर सीटीसी येलो ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 26.1 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 121 रन बनाए। टीम की ओर से अभिमन्यु ने शानदार 47 रन और जयकुमार सिंह ने 15 रन का योगदान दिया।
यूथ सेंटर की ओर से गेंदबाजी में परवेज अंसारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट, जबकि गोलू राज और शिखर ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूथ सेंटर ने 30.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच 5 विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से जयप्रकाश ने 46 रन और पप्पू ने 23 रन बनाए।
सीटीसी येलो की ओर से गेंदबाजी में आयुष ने 3 विकेट लिए।
दूसरे मैच में टॉस जीतकर डायमंड बी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 30 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए। टीम के साई कुमार यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 रनों की नाबाद पारी खेली, वहीं प्रांजल ने 69 रन जोड़े।
गावस्कर एकादश की ओर से गेंदबाजी में हिमांशु और सनी ने 2-2 विकेट हासिल किए।
जवाबी पारी खेलने उतरी गावस्कर एकादश की टीम 23.1 ओवर में 94 रन पर सिमट गई और 141 रनों से हार गई।टीम की ओर से यश ने 24 रन तथा सनी ने 19 रन बनाए।
डायमंड बी की ओर से गेंदबाज आरव कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट, सचिन ने 3 विकेट और संजीव ने 2 विकेट लिए।
दिन के दोनों मैचों के अंत में जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव आलोक राय ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
यूथ सेंटर के परवेज अंसारी और डायमंड बी के साई कुमार यादव को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
