Orange hindi lohardaga live

युवा कांग्रेस ने की जंतर-मंतर लाठीचार्ज की निंदा

By Team Lohardaga live

political
A

प्रदेश महासचिव विशाल डुंगडुंग बोले- छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं, आंदोलन को मिलेगा समर्थन

लोहरदगा। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विशाल डुंगडुंग ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों एवं प्रदर्शनकारियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विशाल डुंगडुंग ने कहा कि जंतर-मंतर देश में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का प्रमुख मंच है। शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों एवं युवाओं पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा बेरोजगारी, पेपर लीक, फीस वृद्धि और शिक्षा के निजीकरण जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। ऐसे में जब छात्र अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाते हैं तो उन्हें लाठी और हिरासत का सामना करना पड़ता है। यह सरकार की असहिष्णुता और घबराहट को दर्शाता है।

विशाल डुंगडुंग ने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग करना देश के भविष्य पर प्रहार करने के समान है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है और सरकार को इस अधिकार का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस घटना के विरोध में युवा कांग्रेस पूरे झारखंड के जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। आवश्यकता पड़ने पर पार्टी के कार्यकर्ता दिल्ली जाकर घायल छात्रों से मुलाकात करेंगे और उनके आंदोलन को समर्थन देंगे।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और अन्याय के खिलाफ आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।