युवा फुटबॉल क्लब सेन्हा ने 5-0 से जीता खिताब, सरना क्लब जालिम उपविजेता
By Team orangehindi


सेरेंगदाग में पांच दिवसीय युवा मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, 32 टीमों ने लिया हिस्सा
लोहरदगा। सेरेंगदाग खनन क्षेत्र अंतर्गत युवा क्लब सेरेंगदाग के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय युवा मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को समापन हुआ। हिंडाल्को सेरेंगदाग के सीएसआर सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में लोहरदगा, भंडरा, सेन्हा, घाघरा, पेशरार, गुमला और बिशुनपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों की 32 टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल मुकाबले में युवा फुटबॉल क्लब सेन्हा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सरना फुटबॉल क्लब जालिम को 5-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। फुटबॉल क्लब इंटा ने तीसरा और ऑल इंडिया तुईमु-चिरोपाट ने चौथा स्थान हासिल किया। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को जर्सी, फुटबॉल, पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि हिंडाल्को माइंस के वरिष्ठ प्रबंधक अखिलेश सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि प्रबंधक ऋषभ गौरव रहे। सेरेंगदाग पुलिस पिकेट के एएसआई रामजी प्रसाद सिंह, मुखिया तियू, पूर्व मुखिया तुईमु, सहायक प्रबंधक अभय तांती, अभय भारती समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं। खेल से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।
प्रतियोगिता के दौरान महिला समितियों ने छोटे-छोटे स्टॉल लगाकर पारंपरिक उत्पादों की बिक्री भी की। आयोजन की सफलता में युवा क्लब, सेरेंगदाग और आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति के अध्यक्ष राजेश उरांव सहित रामविलास उरांव, शिवलाल उरांव, राजकुमार, मनीष उरांव, बिपति उरांव, ब्रजकिशोर उरांव, बाबूलाल उरांव, पवन, मनोज, जीवन, दिनेश, संदीप, बीरेंद्र, पंकज उरांव, सुरेश उरांव, अनिल असुर, केशवर असुर, बिलास, दीपायन, आनंद, बाले असुर, सुना, मुन्ना, दिनेश उरांव, केशवर उरांव समेत युवा एवं पूर्व खिलाड़ियों ने आयोजन में सहयोग किया।