लोहरदगा में युवक ने 90 वर्षीय वृद्ध की चाकू मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
By Teem Lohardaga live

सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव में मामूली विवाद ने ली भयावह रूप, पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के डोका गांव में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद के बाद 90 वर्षीय वृद्ध बलदेव भगत की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी हेमंत भगत को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक बलदेव भगत, फगुआ पाहन के पुत्र थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे। गांव वालों ने बताया कि आरोपी हेमंत भगत महाराष्ट्र में मजदूरी करता था और करीब एक साल पहले गांव लौटा था। हाल के दिनों में वह नशे का आदी हो गया था और बिना काम के गांव में भटकता रहता था।
घटना के दिन हेमंत, बलदेव भगत के घर पहुंचा और उनके कमरे में कुछ देर आराम करने की बात कहकर लेट गया। इसी दौरान वृद्ध ने उसे नशापान से दूर रहने की सलाह दी। इतने भर से नाराज़ होकर हेमंत वहां से निकल गया, लेकिन कुछ ही देर बाद चाकू लेकर लौटा और बलदेव भगत पर हमला कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के पीछे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
घटना के बाद डोका गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
