Orange hindi lohardaga live

युवाओं की सोच से गढ़ेगा 2047 का भारत, लोहरदगा से राष्ट्रीय मंच तक खुला रास्ता

By Team orange hindi

General
युवाओं की सोच से गढ़ेगा 2047 का भारत, लोहरदगा से राष्ट्रीय मंच तक खुला रास्ता

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आगाज, 30 सितंबर तक क्विज में हिस्सा लेने का मौका

लोहरदगा। युवाओं की सोच, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 की शुरुआत हो गई है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के पहले चरण में ‘विकसित भारत क्विज’ शुरू हो चुका है। लोहरदगा जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से इसमें अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

जिला युवा अधिकारी अजय कुमार सैनी ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग केवल एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि युवाओं को अपनी सोच, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता सामने रखने का राष्ट्रीय मंच है। इसके माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका और नए विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने लोहरदगा के पात्र युवाओं से विकसित भारत क्विज में भाग लेकर इस यात्रा की शुरुआत करने की अपील की।

15 से 29 वर्ष के युवा ले सकेंगे हिस्सा

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न ट्रैक में भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम के पंजीकरण, क्विज, निबंध लेखन सहित अन्य गतिविधियां MY Bharat पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। पहले से MY Bharat पर पंजीकृत युवाओं को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी।

क्विज से शुरू होगी राष्ट्रीय मंच तक की यात्रा

विकसित भारत चैलेंज ट्रैक की चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी। पहला चरण डिजिटल विकसित भारत क्विज है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। युवा व्यक्तिगत रूप से MY Bharat पोर्टल के माध्यम से क्विज में भाग ले सकते हैं। क्विज विभिन्न भाषाओं में आयोजित की जाएगी।

क्विज में चयनित प्रतिभागी अगले चरण में 500 शब्दों के विकसित भारत निबंध लेखन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद चयनित युवाओं की यात्रा जिला चैंपियनशिप से होते हुए राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। जिला स्तर पर चयनित युवा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे, जिनमें से दो श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों का चयन होगा।

जनवरी में दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय आयोजन

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का राष्ट्रीय आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा विभिन्न विषयों पर अपने विचार विषय विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रालयों के सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। क्षेत्रीय स्तर पर चयनित फाइनलिस्ट टीमों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय एकीकरण, नेतृत्व विकास और प्रतिभा प्रदर्शन के साथ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं के नेतृत्व में समाधान तैयार करने की प्रक्रिया से जोड़ना है। जिला स्तर से राष्ट्रीय संवाद तक युवाओं के चयन के लिए योग्यता आधारित प्रक्रिया तैयार की गई है।

MY Bharat पोर्टल से ऐसे जुड़ें

जिला युवा अधिकारी अजय कुमार सैनी ने बताया कि पात्र युवा MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ‘Register Now’ के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। मोबाइल नंबर या ई-मेल पर प्राप्त OTP के जरिए सत्यापन के बाद जरूरी जानकारी भरकर पंजीकरण पूरा किया जा सकता है। पंजीकरण के बाद युवा विकसित भारत क्विज में भाग ले सकते हैं।

उन्होंने जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, NSS और NCC इकाइयों, युवा क्लबों, कोचिंग संस्थानों तथा अन्य युवा संगठनों से अपील की कि वे पात्र युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

अजय कुमार सैनी ने कहा कि लोहरदगा के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग उन्हें अपने विचारों को जिला स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर दे रहा है। इसलिए जिले के प्रत्येक पात्र युवा को इस अवसर का लाभ उठाते हुए विकसित भारत क्विज में जरूर भाग लेना चाहिए।

और पढ़ें