“रन फॉर लोहरदगा” में दौड़े युवा, उपायुक्त ने दिया फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश
By Team Lohardaga live

43वें स्थापना दिवस पर आयोजित मैराथन में युवाओं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
लोहरदगा। जिला के 43वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा “रन फॉर लोहरदगा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। दौड़ समाहरणालय से शुरू होकर सीएम उत्कृष्ट नदिया हिन्दू उच्च विद्यालय तक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और खेलकूद को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं।
उपायुक्त ने युवाओं से नशामुक्त और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक रूप से भी ऊर्जा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व समाहरणालय परिसर में उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त के प्रभार में सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनन्दन बड़ाईक, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला खेल पदाधिकारी उपवन बड़ा समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।
