Orange hindi lohardaga live

नशे से दूरी, राष्ट्र निर्माण से जुड़ाव का संकल्प लेकर उठे युवा

By Team orangehindi

General
नशे से दूरी, राष्ट्र निर्माण से जुड़ाव का संकल्प लेकर उठे युवा

‘युवा कनेक्ट’ में विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त भारत की शपथ, विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग की दी गई जानकारी

लोहरदगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत के तत्वावधान में मंगलवार को कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालय, सी एम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस लोहरदगा मे युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त अभियान फॉर विकसित भारत’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया। इस दौरान विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनी स्मिता एक्का की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि एवं यूथ आइकॉन आकाश कुमार साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। शिक्षा, खेल, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर युवा विकसित भारत के लक्ष्य को गति दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ लेकर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

जिला युवा अधिकारी अजय कुमार सैनी ने भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की जानकारी देते हुए कहा कि यह युवाओं को अपने विचार, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने तथा क्विज प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत करने के अवसर मिल सकते हैं।

श्री सैनी ने आगामी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा के प्रदर्शन में भी सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ नशामुक्ति, युवा नेतृत्व और विकसित भारत का संदेश दिया गया।

और पढ़ें