युवा ग्रामीण विकास समिति ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर किया कार्यक्रम आयोजित
By Team Lohardaga live
स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलने का आह्वान
लोहरदगा। युवा ग्रामीण विकास समिति भैसमुंदो के तत्वावधान में सामुदायिक भवन में स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समिति के सदस्य, युवक-युवतियां एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा ग्रामीण विकास समिति के सचिव बाल कृष्णा सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश था—“उठो, जागो और तब तक चलते रहो जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।” उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बाल कृष्णा सिंह ने युवाओं से समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, अंधविश्वास, नशाखोरी और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब युवा इन बुराइयों के खिलाफ जीत हासिल करेंगे, तभी एक स्वच्छ और सशक्त समाज का निर्माण संभव होगा और भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आज देश के युवा खेल और अन्य क्षेत्रों के माध्यम से पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। युवा सशक्त होंगे तो समाज सशक्त होगा और समाज सशक्त होगा तो देश मजबूत बनेगा।
कार्यक्रम में अभिषेक सिंह, कांति देवी, सोनी कुमारी, रूपेश सिंह, रवि महतो, पुष्पा देवी, करमचंद महतो, निर्मला देवी सहित युवा ग्रामीण विकास समिति के सदस्य एवं स्थानीय बच्चे उपस्थित थे।
