युवा पढ़ाई के साथ खेल पर भी ध्यान दें : डीडीसी
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। सेन्हा प्रखंड क्षेत्र के अलौदी पंचायत अंतर्गत हेसवे गांव में स्थित मध्य विद्यालय के खेल मैदान में नवयुवक संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय स्वर्गीय कुणाल सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन हुआ। इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया था। फाइनल मैच ब्लैक डायमंड तिगरा और रैंबो क्लब कुंदगड़ी के बीच खेला गया, जिसमें तिगरा की टीम ने पेनाल्टी सूट आउट में 4-1 गोल से जीत हासिल की।
इस मौके पर मुख्य अतिथि डीडीसी दिलीप प्रताप देव शेखावत ने कहा कि युवा पढ़ाई के साथ खेल पर भी ध्यान दें। खेल के नियमानुसार अनुशासन के साथ खेलने पर अवश्य ही सफलता मिलेगी।
विजेता, उपविजेता और तृतीय तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त टीम को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि द्वारा पुरस्कार स्वरूप नगद राशि दे कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ मिस्त्री, सचिव जोयेस कुजूर, एस सुजुद्दीन रजा, तिवारी उरांव, अर्जुन मिस्त्री, रूपेश यादव, राजेश मुंडा, आदित्य मिस्त्री समेत अन्य खेल प्रेमी ग्रामीण महिला पुरुष व बच्चे बच्चियां उपस्थित थे।
