जिला परिषद को मिला नया अध्यक्ष, सुखदेव उरांव निर्विरोध निर्वाचित, विकास को दी प्राथमिकता
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले में जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद यह पद रिक्त हो गया था। इसके बाद जिला परिषद में विकास कार्यों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं। उपायुक्त द्वारा जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित किए जाने के बाद समाहरणालय सभाकक्ष में चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद की उपस्थिति में आयोजित इस चुनाव में कैरो प्रखंड के जिला परिषद सदस्य सुखदेव उरांव ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। अन्य कोई प्रत्याशी नहीं होने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और उन्हें निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। लगभग तीन से चार माह की राजनीतिक उठा-पटक के बाद जिले को नया जिला परिषद अध्यक्ष मिला है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने से पहले ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद से यह पद रिक्त पड़ा हुआ था, जिससे जिला परिषद के कई विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे।
नव निर्वाचित अध्यक्ष के चुने जाने पर जिला परिषद सदस्यों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और जिला परिषद से बेहतर विकास कार्यों की उम्मीद जताई।
अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के बाद सुखदेव उरांव ने सभी जिला परिषद सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिले का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में विकास कार्य ठप रहे, जिससे जिला परिषद की छवि प्रभावित हुई। अब नए सिरे से विकास कार्यों को गति दी जाएगी और पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद आम जनता की संस्था है और इसे सक्रिय, पारदर्शी और विकासोन्मुख बनाना उनकी जिम्मेदारी होगी।
